टीईटी मार्क्सशीट को लेकर जीआईसी में हंगामा
(UPTET Moradabad : Disturbance in GIC over TET Marksheet/Certificate)
मुरादाबाद। शिक्षक योग्यता परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की मार्क्सशीटों का वितरण किया जा रहा है। महानगर में सोमवार से कई सेंटरों पर इनका वितरण किया जा रहा है। राजकीय इंटर कालेज में मंगलवार को मार्क्सशीट मिलने में देरी होने पर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। ये वे लोग थे जिन्हें सोमवार को अंक तालिका नहीं मिल पाई थी। साथ ही जिन्होंने दूसरी भाषा में उर्दू का विकल्प भरा था उनकी मार्क्सशीट नहीं आई थी। राजकीय इंटर कालेज में टीईटी मार्क्सशीट का वितरण चल रहा है। इन्हें जिले वार वितरित कराया जा रहा है। सोमवार को अमरोहा के अभ्यर्थियों को मार्क्सशीट दी गई थीं। बड़ी संख्या में लोगों को अंक तालिका नहीं मिल पाने के कारण बैरंग लौटना पड़ा था। मंगलवार को वे लोग फिर से आए थे। लेकिन उनका क्रम नहीं होने के कारण मना कर दिया गया। इस पर उन्हाेंने हंगामा करना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों ने उन्हें समझाया, लेकिन वे मानने का तैयार नहीं थे। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। शोर मचने के बाद प्राचार्य भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी बुला लिया गया। हालांकि अभ्यर्थियों को दो बजे के बाद आने के लिए कहा गया था। लेकिन से तुरंत वितरण कराने पर अड़े थे। बाद में प्राचार्य और कर्मचारियों के समझाने के बाद वे शांत हुए। ढाई बजे के बाद उन्हें अंक तालिकाएं बांट दी गईं।
News : Amar Ujala (25.1.12)
0 comments:
Post a Comment